अजय टावरे
पांढुरना :- नगरपालिका परिषद पांढुरना में नपा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष निर्वाचन के बाद कांग्रेस पार्षद संदीप घाटोडे नपा अध्यक्ष और ताहीर अहमद पटेल नपा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
नपा अध्यक्ष संदीप घाटोडे के 17 और उपाध्यक्ष ताहीर पटेल को भी 17 वोट मिले। भाजपा की ओर से नपा अध्यक्ष के रूप में प्रतिद्वंदी रहे निर्दलीय रूप से चुनाव जीते प्रत्याशी यादोराव डोबले और उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी महेंद्र घोडे को 13 – 13 वोट मिले। अपील समिति के सदस्यों का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ जिसमें कांग्रेस पार्षद मदन भांगे तथा भाजपा पार्षद नलीनी केवटे सदस्या बनी। इस समिति में नगरपालिका अध्यक्ष संदीप घाटोडे एवं उपाध्यक्ष ताहीर पटेल पदेन सदस्य है।
क्रॉस वोटिंग की चल रही संभावना और चर्चाओं को पार्षदों ने अपनी अपनी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को मतदान कर निर्मूल साबित कर दिया। ज्ञात हो कि नगरपालिका में कांग्रेस के 17 और भाजपा के 10 पार्षद चुनकर आए है। इसके सिवाय 3 पार्षद निर्दलीय रूप से चुनकर आए परंतु मूलतः यह भाजपाई ही है। चुनावी जीत के उपलक्ष्य में नगरपालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ताहीर पटेल को लेकर कांग्रेसियों ने विजय जुलूस निकाला। इस दौरान बाजे गाजे और पटाखें चलाकर समर्थकों ने अपनी खुशी का इृजहार किया। विजय जुलूस शहर के मुख्य सडक मार्ग से होकर गुजरा और धूनिवाले दादाजी के दरबार में जुलूस का समापन हुआ।

पार्षदों को मिली सडी कचोरियां
पांढुरना नगरपालिका अध्यक्ष और नपा उपाध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उपस्थित 30 पार्षदों एवं अनेक कर्मचारियों को नाश्ते में बांसी और सडी कचोरियां प्रदान की गई। इस मौके पर निर्वाचन प्रक्रिया के प्रमुख अधिकारियों के रूप में एसडीएम आर आर पांडे, तहसीलदार वीर बहादुर सिंह, सीएमओ आरके इवनाती के सिवाय अनेक कर्मचारी मौजूद थे। नगरपालिका से मिली जानकारी के अनुसार यह नाश्ते की सामग्री पंचशील चौक स्थित बिकानेर मिष्ठान्न भंडार से लायी गई थी। नाश्ते में मिली कचोरियों का पहला निवाला खाते ही सभी ने वापस बाहर निकालकर फेंक दिया। इन बांसी और खट्टी कचोरियों को लेकर सभी ने नाराजगी जाहिर की है।
——————————————————————————————————————–